कटिहार :- बिहार पुलिस ने ट्रेन में सरकारी कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी, पत्नी के प्रेमी और एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, मृतक देव कुमार गुंजन बिहार बिजली विभाग में तकनीशियन थे और जमुई में तैनात थे। 11 जून को वह ट्रेन से अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान खगड़िया जिले के बदला घाट के पास ट्रेन में उन्हें गोली मार दी गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पत्नी और प्रेमी ने रची साजिश
जांच में पुलिस को पता चला कि समिता कुमारी का नालंदा में पदस्थ सरकारी तकनीशियन अजीत कुमार से अफेयर था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने देव कुमार गुंजन को अपने रिश्ते में अड़ंगा मानते हुए उनकी हत्या की साजिश रची। कटिहार रेल पुलिस अधीक्षक हरिशंकर कुमार ने बताया कि पूछताछ में अजीत कुमार ने अपने और समिता के रिश्ते की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर सुपारी देकर हत्या कराने की योजना बनाई।
शूटर को दी गई थी सुपारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपती ने राजू कुमार उर्फ धीरज नाम के शूटर को हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी साजिश रचने और उसे अंजाम देने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि धीरज पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।
2018 में हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, देव कुमार गुंजन और समिता कुमारी की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। दोनों की एक पांच साल की बेटी भी है। अस्मिता, देव कुमार और अजीत कुमार ने 2017 में बिजली विभाग से एकसाथ अपना करियर शुरू किया था। देव-अस्मिता की शादी हुई, लेकिन शादी के बाद अस्मिता और अजीत करीब आ गए। बहरहाल पुलिस इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

