बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने एक छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस पूरी घटना का एक खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की रफ्तार और टक्कर की साफ देखी जा सकती है। इस पूरे मामले में स्कूटी सवार छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कई फीट ऊपर हवा में उछल गया छात्र
हादसा इतना भीषण था कि कार की सीधी टक्कर लगते ही छात्र कई फीट ऊपर हवा में उछल गया और सड़क पर जा गिरा। छात्र को रौंदने के बाद भी कार की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लगा और वह सीधे सामने खड़ी एक स्कूल बस से जा टकराई। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
नाबालिग चला रहा था कार
अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम छात्र ने दम तोड़ दिया और उसकी मौत हो गई। जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि हादसे के वक्त कार एक नाबालिग चला रहा था। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच में जुट गई है।

