झांसी:- जिले के एक घर में शादी की खुशियों की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी. दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा था लेकिन इसी बीच पति ने अपनी नई नवेली पत्नी को उसके प्रेमी के साथ अपने ही घर और बिस्तर पर आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया. मामला चिरगांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. पति ने जब दोनों को एक साथ देखा तो उसके होश उड़ गए. इसके बाद घर में हंगामा मच गया. बात पूरे मोहल्ले तक पहुंच गई. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
चाय-दूध में दी जाती थी नींद की गोलियां
पीड़ित पति का कहना है कि उसकी शादी 24 जून को मध्य प्रदेश के भांडेर की रहने वाली लड़की के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी. शादी के दो-तीन हफ्ते बाद से ही पति को अपनी पत्नी के व्यवहार पर शक होने लगा. पति का गंभीर आरोप है कि उसकी पत्नी उसे चाय, दूध और खाने में नींद की गोलियां या कोई विषैला पदार्थ मिलाकर देती थी, ताकि वह गहरी नींद में सो जाए और पत्नी अपने प्रेमी से आराम से बातचीत कर सके. पति ने बताया कि उसे बार-बार घबराहट, चक्कर आने और अकारण नींद आने जैसी समस्याएं होने लगीं, जिससे उसे कुछ गलत होने का संदेह हुआ.
23 अगस्त को रंगे हाथों पकड़े गए दोनों
पति के अनुसार, 19 अगस्त को मोहल्ले वालों ने बताया था कि उनके घर में कोई अनजान लड़का आया है, लेकिन जब उसने अपनी पत्नी से पूछा तो उसने साफ इनकार कर दिया. इसके बाद 23 अगस्त को मोहल्ले वालों का फिर फोन आया कि वही लड़का दोबारा घर के आसपास घूम रहा है और घर के अंदर दाखिल हो गया है.
सूचना मिलते ही जब पति घर पहुंचा और गेट खोला तो सामने का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. पति का आरोप है कि पत्नी और उसका प्रेमी आपत्तिजनक हालत में थे. पति को देखते ही प्रेमी ने उस पर हमला कर दिया और उसका गला दबाने की कोशिश की, जबकि पत्नी ने पति के दोनों हाथ जकड़ लिए. पति के चिल्लाने पर आसपास के मोहल्ले वाले मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई.
पुलिस को दी गई सूचना, जांच जारी
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचित किया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया. पीड़ित पति ने अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस से कड़ी कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है.मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ मोंठ) ने बताया कि पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है. पुलिस मौके पर पहुंची थी और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

