दुर्ग:- दिवाली से पहले छत्तीसगढ़ में ईडी ने आज बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने राजधानी रायपुर समेत दुर्ग में भी रेड मारी है। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम सुबह स 6 बजे से ही दबिश दे दी है।
गुलशन बघेल के घर दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने दुर्ग में ऋषभ ग्रीन सिटी स्थित ट्रांसपोर्ट व्यापारी गुलशन बघेल नामक युवक के घर दबिश दी है। इस कार्रवाई में करीब 10 अधिकारियों की टीम जांच कर रही है। गुलशन बघेल पर आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बताकर लोगों से कथित तौर पर उगाही की थी। इसी मामले में पहले भी कार्रवाई होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल ED की टीम मकान में जांच कर रही है। कार्रवाई किन पहलुओं को लेकर की जा रही है और जांच में क्या सामने आता है, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
रायपुर में ज्वेलरी कारोबारी के घर रेड
बता दें कि इससे पहले ईडी ने राजधानी रायपुर में ज्वेलरी कारोबारी के 3 से 4 ठिकानों पर रेड मारी है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम सुबह से पंडरी इलाके में स्थित सुशील विला ज्वेलरी कारोबारी नितिन डागा के घर में दबिश दी है। सुबह से विला के अंदर दस्तावेजों की जांच कर रही है।
किस मामले में कार्रवाई, जानकारी नहीं
आपको बता दें कि नितिन डागा आरंग इलाके के बड़े ज्वेलरी कारोबारियों में शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल ED की टीम घर के अंदर जांच कर रही है। कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

