बेमेतरा। जिले में एटीएम चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बेमेतरा जिला मुख्यालय से मात्र 12 किलोमीटर दूर ग्राम जेवरा में एटीएम मशीन को उखाड़कर चोरी कर लिया। चोरों ने पहले एटीएम मशीन के शीशे के दरवाजे को तोड़ा और फिर पूरी मशीन को उखाड़कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब जब कुछ समय पहले ही ठेलका ग्राम के जिला सहकारी बैंक में भी चोरी का प्रयास किया गया था। उस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस अब इस नई घटना की तहकीकात कर रही है और एटीएम चोरी में शामिल चोरों का पता लगाने के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है। देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक सफलता प्राप्त कर पाती है और चोरों को गिरफ्तार करने में कामयाब होती है। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।

