फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां धनतेरस की रात पार्किंग विवाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई । इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, सेक्टर-21सी स्थित एक बहुमंजिला इमारत की पार्किंग में पड़ोसी मोनू शर्मा से कहासुनी के बाद उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। परमजीत को नौ गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग करने के बाद परिवार सहित फरार हो गया।
पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, परमजीत धनखड़ का परिवार सेक्टर-21सी की बिल्डिंग नंबर-641 में पहली मंजिल पर रहता था और आरोपी मोनू शर्मा का परिवार बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों ही परिवारों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। जांच में सामने आया कि, मोनू शर्मा का बेटा अक्सर पार्किंग क्षेत्र में अपने पालतू कुत्ते से गंदगी करवाता था। परमजीत के बेटे सूर्य ने कई बार इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर चार-पांच दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, हालांकि हर बार मामला शांत हो गया था।
शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे परमजीत
वहीं पुलिस ने आगे बताया कि, मृतक परमजीत धनखड़ काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे और अक्सर वहां आते-जाते रहते थे। परमजीत 5 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए सिंगापुर से लौटे थे। परिवार के अनुसार, शादी 24 नवंबर को होनी है। घर लौटने के बाद उन्होंने जिम भी जॉइन कर लिया था और नियमित रूप से वहां जा रहे थे।
आरोपी ने की 15 राउंड फायरिंग
बताया जा रहा है कि, शुक्रवार रात को लगभग 8 बजे परमजीत जिम से वापस लौटे। इसके बाद जब वह पार्किंग में पहुंचे तो उनकी निर्धारित पार्किंग जगह पर मोनू शर्मा की गाड़ी खड़ी थी। परमजीत ने मोनू से गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। मोनू शर्मा अपनी लाइसेंसी पिस्टल के साथ पार्किंग क्षेत्र में आया था। विवाद बढ़ने पर उसने कथित रूप से परमजीत धनखड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रारंभिक जांच में करीब 15 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। परमजीत को नौ गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल से कारतूसों के कई खोखे बरामद किए गए हैं।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की टीम ने परमजीत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूरजकुंड थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुराने विवादों और फायरिंग की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।

