कन्नौज:- एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में तैनात दो सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो के बाद की गई है। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल के क्लासरूम में आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कर रहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संदीप कुमार ने बताया कि मामला सौरिख ब्लॉक के बहेड़ी गांव स्थित कंपोजिट प्राइमरी स्कूल का है। वीडियो सामने आने के बाद जांच के आदेश दिए गए थे। जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ पाठक को सौंपी गई थी। बीएसए के अनुसार, जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि वीडियो में शिक्षकों का व्यवहार उनके पद के अनुरूप नहीं दिखता। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि ऐसी गतिविधियों का विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। इसके आधार पर दोनों शिक्षकों को मंगलवार रात निलंबित कर दिया गया।

