अनूपपुर :- मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में भालूमाडा पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। यहां एक बेटे ने जमीन में हिस्सा न मिलने और मां के शराब पीने से नाराज होकर अपनी ही मां की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कंधे पर उठाकर तालाब के पास खेत में ठिकाने लगा दिया।
पुलिस के अनुसार 17 मार्च को बरबसपुर क्षेत्र के डुग्गी तालाब के पास एक महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान 50 वर्षीय नंसी बाई यादव के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के बड़े बेटे हरिश्चन्द्र उर्फ बियानू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह अपनी मां के शराब पीने और जमीन के बंटवारे को लेकर नाराज था। इसी गुस्से में उसने 16 मार्च की रात मां की साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने सबूत छुपाने के लिए शव को घर से दूर तालाब किनारे फेंक दिया। पुलिस ने पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

