जांजगीर-चांपा:- जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र के व्यासनगर गांव में हिमांशु किराना स्टोर के पास दो पक्षों के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान रिटायर्ड आर्मी के जवान गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज कश्यप की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तत्काल घायल युवक को पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। फिलहाल घायल युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।

