झारखंड :- जमशेदपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी की उनके साथ ही कार सवार तीन और लोगों की मौत हुई है। घटना के बाद सड़क पर ही अफरातफरी मच गई। घटना को लेकर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी शोक जताया है।
ग्रामीण विकास मंत्री की बेटी मौत
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुआ है। बताया जाता है कि जमशेदपुर के सोनारी थानाक्षेत्र अंतर्गत दोमुहानी मरीन ड्राइव पर कार और ट्रक की टक्कर में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत कुल 4 लोगों की मौत हुई। मृतकों में 2 युवक और 2 युवतियां शामिल हैं।
गैस कटर से कार काट कर निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों और पुलिस ने गैस कटर से कार काट कर चारों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि भारी ट्रक बुधवार रात करीब 10 बजे से ही ब्रेकडाउन होने के कारण मरीन ड्राइव की बीच सड़क पर लावारिस हालत में खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतना भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर ट्रक के पीछे फंस गया। कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

