गरियाबंद:- पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले में पदस्थ चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी आदेश के अनुसार, उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह को रक्षित केंद्र गरियाबंद से थाना देवभोग भेजा गया है। वहीं उप निरीक्षक दीनूराम सेठिया का थाना देवभोग से रक्षित केंद्र गरियाबंद स्थानांतरण किया गया है।
इसी तरह सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार साहू को थाना पाण्डुका से रक्षित केंद्र गरियाबंद पदस्थ किया गया है। जबकि सहायक उप निरीक्षक देवेन्द्र कुमार वर्मा, जो वर्तमान में रक्षित केंद्र गरियाबंद से संबद्ध प्रभारी कंट्रोल रूम के रूप में कार्यरत हैं, उन्हें वर्तमान दायित्व के साथ-साथ डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन सेंटर (डीसीसी) डायल-112, गरियाबंद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज, जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, संबंधित थाना प्रभारियों एवं अन्य शाखाओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।


