नई दिल्ली:- उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक व्यक्ति द्वारा अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
आरोपी ने बेटी को दी थी धमकी
महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि सात जुलाई को जब उसकी मां और 10 वर्षीय भाई घर पर नहीं थे, तब उसके पिता ने उससे बलात्कार किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वह उसे और उसकी मां को जान से मार देगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) (बलात्कार के लिए सजा), 65(1) (बलात्कार) और 351(3) (आपराधिक धमकी) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा छह के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता जहांगीरपुरी में अपनी मां और भाई के साथ रहती है, जबकि उसका पिता बादली गांव में रहता है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 183 के तहत उसका बयान दर्ज कर लिया गया है।

