कांकेर:- पुलिस ने जिले में नकली नोटों के काले कारोबार का सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने घर को ही नकली नोट छापने की फैक्ट्री में बदल दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 लाख 54 हजार रुपये के नकली 500-500 के नोट बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युगल नाग (29 वर्ष), निवासी कोदागांव के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड इलाके में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट बाजार में खपाने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस की आंखें फटी रह गईं। आरोपी के पास से 1100 नकली 500 रुपये के नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत करीब 6.54 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारा, जहां पूरा सेटअप देखकर टीम भी हैरान रह गई।
घर से हाई-क्वालिटी प्रिंटर, स्कैनर, लैपटॉप, पेपर कटर, विशेष A-4 पेपर और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले 5-6 महीनों से नकली नोट छापकर बाजार में खपा रहा था।

