रायपुर : कांग्रेस महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा मंगलवार दोपहर रायपुर पहुंची। इस दौरान एयरपोर्ट में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा.ओबीसी का मुद्दा लाकर समाज को बांटने का काम भाजपा कर रही है। शैलजा एयरपोर्ट से सीधे कांग्रेस भवन रवाना हो गईं। वहां वो कांग्रेस पदाधिकारियोंए मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगी।
बैठक में राहुल की सदस्यता मामले में चर्चा जारी है। राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने के मामले में शैलजा ने कहा कि हमारे शीर्ष नेतृत्व की आवाज को दबाया जा रहा है और बीजेपी आवाज दबाने का काम कर रही है। शैलजा ने कहा मोदी सरकार बदले की भावना से हमारे शीर्ष नेतृत्व के नेताओं को परेशान करने का प्रयास कर रही है।
शैलजा कुमारी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री साजिश कर रहें हैं, लेकिन राहुल गांधी आम जनता की आवाज बन चुके हैं। बीजेपी आम जनता की आवाज को कैसे दबाएगी। उन्होंने कहा, जिस तरह से उनकी सदस्यता छीनी गई, फिर उनके निवास के लिए नोटिस भेजा गया, यह पूरा देश देख रहा है।
बैठक में शामिल हुए मरकाम, सिंहदेव सहित आला नेता
बैठक में मंत्री स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, शिव डहरिया, पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित तमाम नेता मौजूद हैं।
