हरिद्वार :- ज्वालापुर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर की पानी की टंकी में एक-दो नहीं बल्कि 27 सांप के बच्चे मिले। परिवार के लोग रोजाना उसी टंकी का पानी इस्तेमाल कर रहे थे, लेकिन जब उन्होंने टैंक के अंदर झांककर देखा तो सांप के बच्चे तैरते नजर आए। यह नजारा देखते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और स्नेक कैचर तालिब व भोला मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान कुल 27 सांप के बच्चे बरामद किए गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।.

