गुवाहाटी:- असम के गुवाहाटी में एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे फ्रिज के अंदर रख दिया। इसके साथ ही उसने मृतका के दोनों हाथों की उंगलियां भी काट दीं। इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसी कमरे में खाना पकाया और फिर आराम से बैठकर खाना भी खाया। इसके बाद उसकी योजना पत्नी के शव को काटकर उसके मांस के टुकड़ों को कुत्तों को खिलाने की थी। हालांकि, खाना खाने के बाद वह घर से भाग निकला। इस निर्मम वारदात ने देशभर में चर्चित रहे श्रद्धा वॉल्कर मर्डर केस की यादें ताजा कर दी हैं।
बदबू आने पर पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस, फ्रिज में मिला कटा हुआ सिर
इस पूरी घटना का खुलासा रविवार को हुआ। दंपत्ति के फ्लैट से अचानक बहुत तेज बदबू आने लगी, जिससे आसपास रहने वाले पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ। पड़ोसियों ने बिना देर किए तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी। पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो घर का ताला बंद था। पुलिस फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो फर्श पर 25 साल की रिया तालुकदार का क्षत-विक्षत धड़ पड़ा हुआ मिला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका के परिवार के सदस्यों से भी यह सूचना मिली थी कि पिछले दो दिन से उनका दोनों से किसी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद हाटीगांव थाने की एक पुलिस टीम उनके फ्लैट पर पहुंची थी। पुलिस ने जब छानबीन की तो महिला का कटा हुआ सिर एक प्लास्टिक की थैली में लिपटा हुआ फ्रिज के अंदर रखा मिला, जबकि उसका धड़ कमरे के फर्श पर पड़ा था।
6 महीने पहले हुई थी शादी, अवैध संबंध के शक में दिया वारदात को अंजाम
मृतका की पहचान 25 साल की रिया तालुकदार के रूप में हुई है। रिया और रामानुजन गोस्वामी की शादी करीब 6 महीने पहले ही हुई थी। दोनों की शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव और बेलटोला इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। रिया गुवाहाटी के फैंसी बाजार स्थित एसी मार्केट इलाके में एक बुटीक में काम करती थी। रिया के परिवार में केवल उसका एक भाई है।
वहीं आरोपी पति रामानुजन गोस्वामी उर्फ रामानुज गोस्वामी पेशे से कैब चलाता था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रामानुजन मौके से फरार हो गया था। हालांकि बाद में उसने पुलिस थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंध को लेकर गुस्से में आकर उसकी हत्या की है।

