जशपुर :- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रुपये के लालच में एक मां पर अपने ही करीब 9 से 10 माह के बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेचने का आरोप लगा है। मामले में कुनकुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे की खरीद-फरोख्त के मामले में उसकी मां समेत दो पुरुष और दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
1.80 लाख रुपये में बच्चे की खरीद-फरोख्त का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामले में बच्चे की मां की भूमिका भी सामने आयी है। आरोप है कि रुपये के बदले बच्चे का सौदा किया गया था। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद कुनकुरी पुलिस ने जांच शुरू की और बच्चे का पता लगाने के लिए कार्रवाई की।जांच के दौरान पुलिस को बच्चे के पश्चिम बंगाल में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 9 से 10 माह के मासूम को सकुशल बरामद कर लिया।
मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
बच्चे की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बच्चे की मां, दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अब इस मामले में आरोपियों की भूमिका और बच्चे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

