महासमुंद:- “मां मुझे माफ कर देना… मैं अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा पाया। लक्ष्मण भैया, मेरी कोई गलती नहीं थी। मैंने ब्रेक लगाया था, लेकिन गाड़ी कंट्रोल नहीं हो पाई। मर्सिडीज वालों ने मुझे बहुत मारा और परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी…”।
ये शब्द 25 वर्षीय ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू के हैं, जिसने मौत को गले लगाने से पहले एक-दो नहीं बल्कि करीब 8 वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। वीडियो अपलोड होने के कुछ ही समय बाद उसका शव दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र स्थित बंजारी घाट के पास एक पेड़ से लटका मिला। पूरे मामले ने बस्तर से लेकर महासमुंद तक सनसनी फैला दी है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। लेकिन ताम्रध्वज द्वारा मौत से पहले बनाए गए वीडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।
वीडियो में उसने दावा किया कि दुर्घटना जानबूझकर नहीं हुई थी। उसके मुताबिक ट्रक न्यूट्रल में चल रहा था और उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वाहन पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ सका। इसी वजह से हादसा हुआ।
ताम्रध्वज ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद मर्सिडीज सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसने वीडियो में कहा कि कुछ और लोगों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने उसे पीटा और उसके परिवार को बर्बाद करने तथा जान से मारने की धमकी दी।
मौत से पहले रिकॉर्ड किए दर्द भरे वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ताम्रध्वज बेहद भावुक नजर आता है। वह बार-बार अपनी मां, भाई और परिवार का जिक्र करता है। वीडियो में वह खुद को बेगुनाह बताते हुए कहता है कि उसने दुर्घटना रोकने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन हालात उसके नियंत्रण से बाहर हो गए।
सबसे दर्दनाक बात यह रही कि वीडियो पोस्ट करने के कुछ समय बाद ही उसका शव बंजारी घाट के पास पेड़ से लटका मिला। इससे यह मामला केवल सड़क दुर्घटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मानसिक दबाव, कथित धमकी और आत्महत्या जैसे गंभीर सवालों से जुड़ गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही गीदम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अब वायरल वीडियो, दुर्घटना की परिस्थितियों और कथित मारपीट व धमकी के आरोपों की जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना के बाद वास्तव में क्या हुआ था, लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

