रायपुर : देश में कई IAS और IPS की चर्चित जोड़ियां है, जो प्रशासनिक कार्यों को कुशलता से निभाते हुए पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वाह भी बखूबी कर रहे हैं। इसी कड़ी में एक और युवा आईएएस और आईपीएस की जोड़ी परिणय सूत्र में बंध गई। दोनों से बेहद सादे माहौल में कोर्ट मैरिज की। IAS और IPS के विवाह के साक्षी कई अफसर भी बने।
दरअसल, छत्तीसगढ़ में पदस्थ एक युवा आईएएस अधिकारी ने तेलंगाना कैडर की आईपीएस अधिकारी के साथ वैवाहिक जीवन की शुरूआत की है। हम बात कर रहे हैं रायगढ़ जिले में सहायक कलेक्टर के पद पर पदस्थ 2022 बैच के IAS युवराज मरमट जिन्होंने 2022 बैच की ही आईपीएस अधिकारी पी. मोनिका के साथ विवाह किया है।
प्यार में बदली दोस्ती
बता दें कि मूलत: राजस्थान के गंगापुर सिटी के रहने वाल युवराज मरमट ने अपनी आईपीएस अफसर पी मोनिका के साथ कोर्ट मैरिज की है। आईपीएस मोनिका भी उन्हीं के बैच की अधिकारी हैं। सोमवार को रायगढ़ में दोनों युवा अधिकारी सादगी पूर्ण तरीके से कोर्ट मैरिज कर परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने नव विवाहित अधिकारी युगल को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
सीईओ जिला पंचायत जितेंदर यादव ने भी नवदम्पत्ति को अपनी शुभकामनाएं दीं। कोर्ट मैरिज के बाद अपर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने युवा अफसरों को विवाह प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर अपर कलेक्टर राजीव पांडेय, डिप्टी कलेक्टर ऋतु हेमनानी, एसडीएम रायगढ़ गगन शर्मा, नायब तहसीलदार तृप्ति चंद्राकार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

