रायसेन :- जिस मां ने बेटे को बचपन में अपने हाथों से निवाले खिलाए, उसी मां को एक बेटे ने सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीट दिया क्योंकि खाना बनने में देर हो गई थी। रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र की शुक्ला कॉलोनी में सामने आई इस घटना ने इंसानियत और रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार भूरी बाई अपने बड़े बेटे संतोष अहिरवार के साथ रहती हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे संतोष घर पहुंचा और मां से खाना मांगा। मां ने शांत स्वर में कहा कि खाना अभी बन रहा है। बस इतनी सी बात पर बेटा आगबबूला हो गया।
आरोप है कि संतोष ने पहले मां के साथ गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने मां के बाल पकड़कर उनका सिर दीवार पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से भूरी बाई दर्द से चीख उठीं।
मां की चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़कर पहुंचे और किसी तरह आरोपी को रोका। घायल महिला को तत्काल सांची अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

