रायपुर:- छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने वाली ‘महतारी वंदन योजना’ से जुड़ने के लिए राज्य की करीब 10 लाख महिलाएं नए पंजीयन का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। इनमें अकेले बस्तर संभाग की लगभग दो लाख महिलाएं शामिल हैं। योजना के संचालन को दो वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन नए हितग्राहियों के लिए नियमित रूप से पोर्टल नहीं खोला गया है, जिसके कारण पात्र महिलाएं लगातार वंचित हो रही हैं।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय अजीब सी स्थिति देखने को मिल रही है। एक ही परिवार के भीतर साथ रहने वाली जेठानी को जहां इस योजना का नियमित लाभ मिल रहा है, वहीं पंजीयन न होने के कारण देवरानी इस लाभ से दूर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने अगस्त 2025 में बस्तर संभाग के कुछ खास सुरक्षा शिविरों के दायरे में सीमित अवधि के लिए पोर्टल खोला था, जिसमें मात्र सात हजार महिलाओं का पंजीयन हो पाया था।

