रायपुर:- महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक की अपनी सबसे बड़ी कार्रवाई की है। ED ने इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े मुख्य आरोपियों में से एक, विकास गर्ग और उससे संबंधित विभिन्न संस्थाओं के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसा है। मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) रोधी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए केंद्रीय एजेंसी ने विकास गर्ग की कुल 940.77 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को अटैच (कुर्क) कर लिया है।
PMLA के तहत ज़ब्त हुए घर, ज़मीन और शेयर
ED द्वारा की गई यह बड़ी कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है। कुर्क की गई इन संपत्तियों में विकास गर्ग के आलीशान घर, कीमती ज़मीनें, विभिन्न कंपनियों के शेयर और अन्य वित्तीय निवेश शामिल हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि इन संपत्तियों को सट्टेबाज़ी के जरिए कमाए गए काले धन को सफेद करने (मनी लॉन्ड्रिंग) के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

