शहडोल:- मध्य प्रदेश में अंधविश्वास एक बार फिर खूनी वारदात की वजह बन गया। शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र के चंदौरा गांव में झाड़-फूंक के लिए बुलाए गए एक बाबा की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोपी को शक था कि बाबा और उसका भाई जादू-टोना कर उसके परिवार पर अनहोनी ला रहे हैं। इसी संदेह ने उसे इतना उग्र बना दिया कि उसने सबके सामने बाबा पर जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, चंदौरा निवासी बुद्धसेन अपनी बीमार बेटी की झाड़-फूंक कराने के लिए सीधी निवासी राज बहोर को घर बुलाया था। उपचार की प्रक्रिया चल ही रही थी कि बुद्धसेन का भाई भीमसेन वहां पहुंच गया। उसने बिना कुछ समझे-बूझे कुल्हाड़ी से बाबा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बाबा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भीमसेन लंबे समय से अंधविश्वास के प्रभाव में था। उसे विश्वास था कि बाबा और उसका भाई जादू-टोना करते हैं, जिसके कारण उसके परिवार में लगातार अनहोनी घटनाएं हुईं, बच्चों की मौत हुई और अब भतीजी भी बीमार है। इसी शक ने आखिरकार एक निर्दोष की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी की तलाश जारी है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

