उत्तरप्रदेश :- सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक नाबालिग प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक और खौफनाक तरीके से हुआ। प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र में 12वीं के एक छात्र ने अपनी 17 वर्षीय प्रेमिका की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि छात्रा लगातार आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के मुताबिक मामला गंगानगर जोन के जमुनीपुर गांव का है। 20 अप्रैल को छात्रा अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि एक नाबालिग लड़का उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार छात्रा की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी छात्र पर शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने हत्या की पूरी कहानी पुलिस के सामने उगल दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मऊआइमा नहर के पास झाड़ियों से छात्रा का शव बरामद किया। शव की हालत देखकर पुलिस भी सन्न रह गई। आरोपी ने बताया कि वह छात्रा से इंस्टाग्राम के जरिए मिला था और दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और प्रेम संबंध थे।
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि 20 अप्रैल को आरोपी ने छात्रा को फोन कर घर से बुलाया था। इसके बाद वह उसे बाइक से नहर किनारे ले गया। वहां दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से छात्रा पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका 10वीं की छात्रा थी, जबकि आरोपी 12वीं में पढ़ता है। हत्या के बाद आरोपी सामान्य जिंदगी जीने की कोशिश करता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि पुलिस की सख्ती के आगे उसकी चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।

