मुजफ्फरनगर :- नौकरी के बदले यौन संबंध की मांग जैसे मामले भारत में कोई नई बात नहीं हैं। समय-समय पर इस तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है। इसी तरह का एक मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सामने आया है। हालांकि यह मामला इसलिए अलग है क्योंकि आरोपी की उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या थी महिला की शिकायत
आवेदिका ने मीडिया को बताया कि वह शिक्षक की नौकरी के लिए एक कॉलेज गई थी। आरोप है कि वहां कॉलेज के मैनेजर अरविंद गर्ग ने नौकरी दिलाने के बदले उसके सामने आपत्तिजनक मांग रखी। मैनेजर की इस कथित मांग के बाद महिला वापस घर लौट आई और उसने पूरी बात अपने पति को बताई। इसके बाद पति ने उसे दोबारा मैनेजर से मिलने और पूरी बातचीत मोबाइल में रिकॉर्ड करने की सलाह दी।महिला जब दूसरी बार मैनेजर अरविंद गर्ग से मिलने पहुंची तो आरोप है कि उसने फिर से नौकरी के बदले शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। महिला के अनुसार, आरोपी ने कहा कि सिर्फ “ऊपर वाले हिस्से से ही काम हो जाएगा।”
महिला ने उसकी मांग ठुकरा दी और रिकॉर्डिंग के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी.शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज मैनेजर अरविंद गर्ग को गिरफ्तार कर लिया।उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुनील कुमार ने बताया कि नयी मंडी थाने में मामला दर्ज किए जाने के बाद आरोपी अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

