छतरपुर:- ओरछा रोड थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर के कमरे से दो दिन से बाहर नहीं निकला। लगातार फोन करने पर जवाब नहीं मिला, तो कुछ लोग गुरुवार की दोपहर घर पहुंच गए। उसके कमरे का गेट नहीं खुलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने गेट तोड़कर देखा तो वह जमीन में लगे बिस्तर पर संदिग्ध परिस्थियों में मृतावस्था में मिला। कमरे में लैपटॉप खुला मिला, जिसकी शेयर बाजार से संबंधित आंकड़े देखने को मिले। पत्नी इस दौरान खाना बना रही थी। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर सभी एंगल से जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बरुआसागर निवासी राजेश उर्फ डिंपल अग्रवाल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ ओरछा रोड थाना क्षेत्र की नौगांव रोड स्थित एक किराए के घर में रहते थे। एक माह पहले ही इस घर में रहने आए। उनके साथ उनकी वृद्ध मां, पत्नी और बेटा रहता था।
ट्रेडिंग किया करता था मृतक
पुलिस घर पर मामले की जांच कर रही थी। उस समय मृतक की पत्नी खाना बना रही थी। मृतक के लैपटॉप की विंडो से अनुमान लगाया जा रहा है कि राजेश ट्रेडिंग करता था। अक्सर कमरे में अकेले रहते थे। घटना के बाद भी परिजन को लग रहा है कि मृतक सो रहा है, क्योंकि राजेश अक्सर कमरे में लैपटाप पर ट्रेडिंग करने के दौरान अपने हिसाब से बाहर आते थे।

