झांसी:- उत्तर प्रदेश के झांसी में पितृपक्ष के दौरान श्राद्ध कर्म करने पहुंचे एक ही परिवार के लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मऊरानीपुर क्षेत्र के रानीपुर कस्बे में सुखनई नदी में डूबने से पिता-पुत्र और भतीजे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
एक को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, देवरी सिंहपुरा गांव निवासी अनूप तिवारी अपने 12 वर्षीय बेटे अर्पित तिवारी, 26 वर्षीय अभिनय तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी और जालौन निवासी 23 वर्षीय पुष्कर शुक्ला के साथ सुखनई नदी के किनारे श्राद्ध कर्म के लिए पहुंचे थे। सभी पूर्वजों को जल अर्पित कर रहे थे। इसी दौरान अनूप तिवारी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
उन्हें बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य भी नदी में उतर गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश के दौरान सभी गहरे पानी की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।
रेस्क्यू के बाद बरामद हुए शव
सूचना मिलते ही मऊरानीपुर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। प्रशासन के अनुसार पांचों लोगों के शव बरामद कर लिए गए और पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

