महासमुंद:- शादी के लिए दबाव बनाने से परेशान युवक ने अपनी प्रेमिका के जन्मदिन पर खास गिफ्ट देने के लिए आंखें बंद कराई और पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला। इससे पहले नाबालिग ने युवती से संबंध भी बनाए। युवती अपने जन्मदिन वाली रात भागने के इरादे से घर से निकली थी और कपड़े भी साथ रखे हुए थी। मामला दो दिन पूर्व जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम रामखेड़ा झारा नाला में रेत में दबी मिली लाश का है जिसे सुलझाते हुए पुलिस नाबालिग आरोपी तक पहुंच गई।
जांच में सामने आया कि नाबालिग की कथित गर्लफ्रेंड भारती टंडन उससे शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। वहीं, नाबालिग बॉयफ्रेंड ने प्रेशर में आकर शादी के लिए हामी तो भर दी लेकिन, जिस रात उसका मर्डर हुआ उस दिन 19 जून को वह बालिग की हो गई और अपने नाबालिग ब्वॉयफ्रेंड के साथ भागने के इरादे से कपड़े भी साथ लेकर उससे मिलने पहुंची थी।
बॉयफ्रेंड ने पूछताछ में स्वीकारा जुर्म
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि, भारती लगातार शादी की बात कर रही थी। इसी वजह से दोनों के बीच कई बार कहासुनी और विवाद भी हुआ था। पुलिस ने कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले सबूत के आधार पर नाबालिग बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान बॉयफ्रेंड ने जुर्म स्वीकारा और पुलिस को सारी बातें बताई। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड को विधिवत अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण भेज दिया गया है।
पिता ने भाइयों के साथ किया बेटी का कत्ल
जिले के थाना पटेवा क्षेत्र के तुरेंगा गांव में मिली अज्ञात महिला की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझाते हुए हत्या के मुख्य आरोपी मृतका के पिता को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल एवं घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी उमेश सिंह गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि, 17 जून को ग्राम तुरेंगा के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला के गले व शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए जाने पर थाना पटेवा में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मृतका की पहचान उसके पति ने बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में की। जांच में सामने आया कि मृतका द्वारा अंतरजातीय प्रेम विवाह करने से उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह एवं बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे।
तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और रानी को जबरदस्ती अपने साथ ले जाकर सुनसान खेत में उसकी हत्या कर दी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम सूरत पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार किया गया।

