नरसिंहपुर:- महाकोशल सुगर मिल बचई परिसर में स्थित इथेनॉल प्लांट में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है, जब प्लांट में अचानक हड़कंप मच गया।
खापा शेढ़ और सिलवानी निवासी थे मरने वाले मृतक
प्लांट में लगा विशालकाय डीडीएस टैंक अचानक नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में नीचे काम कर रहे दो मजदूर आ गए। हादसे में खापा शेढ़ निवासी जगदीश पिता लेखराम यादव (32) और सिलवानी निवासी पवन पिता पुरुषोत्तम ठाकुर (30) गंभीर रूप से दब गए थे।
टैंक के नीचे दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पवन का शव दो हिस्सों में बंट गया। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल दोनों मजदूरों को फैक्ट्री की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

