भोपाल :- रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर सामने आ रहा है। राजधानी भोपाल में बुकिंग होने के बाद भी 50 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े नजर आए, जबकि प्रशासन का दावा है कि शहर में सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद भी 5 से 6 दिन तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है। शहर के कई इलाकों में गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लग रही है। लोगों का आरोप है कि एजेंसियों द्वारा समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

