रायगढ़ :- आईपीएल फाइनल के रोमांच के बीच रायगढ़ जिले के खरसिया में एक ऐसा खेल चल रहा था, जिसमें बल्ले और गेंद से ज्यादा दांव रुपयों पर लगाए जा रहे थे। गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए IPL फाइनल मुकाबले पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे एक संगठित गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने भंडाफाश किया है। कार्रवाई में करीब 32 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और सट्टे के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में कुछ लोग आईपीएल फाइनल मैच पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने योजना बनाकर दबिश दी।
दबिश में खुला सट्टे का बड़ा खेल
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां ऑनलाइन माध्यम से सट्टा खिलाने का पूरा नेटवर्क संचालित होता मिला। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गंज बाजार निवासी गगन अग्रवाल (28 वर्ष) और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद राशि में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल थे।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
जांच के दौरान पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के नाम भी सामने आने पर उन्हें प्रकरण में आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि दबिश के दौरान साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, हालांकि उसके घर से भी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

