बिलासपुर :- जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक चरवाहे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक-8 निवासी पुन्नी धीवर के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, पुन्नी धीवर रोज की तरह अपने मवेशियों के लिए चारा जुटाने पेड़ पर चढ़कर पत्तियां तोड़ रहा था। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर पेड़ से नीचे गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

