कोरबा:- धान का रोपा लगा रहे ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई. हादसा शनिवार को उपनगरीय क्षेत्र छूरी में हुआ. जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद किसान बड़ी संख्या में खेतों में रोपा लगाने में व्यस्त हैं.
आकाशीय बिजली की चपेट में आए ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को एक साथ 25 से 30 लोग सलोरा बकरा बाजार छुरी के पास रोपा लगाने का काम कर रहे थे. उसी वक्त उनपर आकाशीय बिजली आ गिरी. ग्रामीणों ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आए तीन लोगों को लेकर वो अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया.
शोक की लहर
लगातार हो रही बारिश के चलते इन दिनों जिले में किसान तेजी से धान का रोपा लगा रहे हैं. लेकिन इस दुर्घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है, किसान इस घटना के बाद से डरे हुए हैं. गांव वालों ने बताया कि बिजली खेत के मेड़ पर गिरी जिससे कई लोगों की जान बच गई. दुर्घटना में जिन लोगों की जान गई है, उसमें छुरी निवासी बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू के नाम शामिल हैं. ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होने रोपा शुरू किया था तब मौसम अच्छा था, लेकिन देखते ही देखते मौसम बदला और गरज चमक के साथ बिजली कड़कने लगी.

