दुर्ग:- मंत्री के गृह जिले दुर्ग में अब स्कूली बच्चे भी नशे की चपेट में आते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला दुर्ग के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है, जहां कथित तौर पर नशीली दवा खाने से 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से कुछ बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ इलाज के बाद घर लौट चुके हैं। एक बच्चे नैतिक रामटेके को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दे की स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाले बच्चों को चॉकलेट बताकर प्रतिबंधित दवा खिला दी। इसके बाद एक-एक कर बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों को चक्कर आने, बेहोश होने और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतें होने लगीं। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।
दवा खाने वाले बच्चों में तनेश्वर यादव, हर्ष सिन्हा, भूपेंद्र साहू, विवेक कुम्भकार, नैतिक रामटेके, तुषार ढिमर, लकेश ढिमर और फनिश निषाद शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि बच्चों को अचानक चक्कर आने और बेहोशी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल चार बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि चार बच्चों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

