राजनांदगांव:- चिखली पुलिस और सायबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए, 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए लोगों पर आरोप है कि उन्होने मवेशियों के 2 कटे सिर बीच रास्ते पर फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की. पकड़े गए लोगों के पास से चिखली पुलिस ने एक वाहन और धारदार हथियार बरामद किया है. पकड़े गए लोगों पर शक है कि वो मवेशियों का मांस बेच रहे थे. चिखली पुलिस की मानें तो आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है, कि उन्होने मवेशियों के कटे सिर गौरीनगर के निर्माणाधीन अंडरब्रिज और शीतला तालाब में फेंका है. पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
मवेशियों के कटे सिर बरामद
चिखली पुलिस के मुताबिक 12 अक्टूबर को गौरीनगर के निर्माणाधीन अंडरब्रिज में मवेशी का कटा सिर मिला था. इसके 2 दिन बाद यानी 14 अक्टूबर को गौरीनगर के ही शीतला तालाब से एक और मवेशी का कटा सिर मिला. शिकायत के बाद पुलिस ने चिखली चौकी में केस दर्ज किया. दरअसल, पूरे जिले में नवरात्र का आयोजन किया जा रहा है, ऐसे में पुलिस बड़ी ही संवेदनशीलता के साथ मामले में कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने लोगों से कहा भी है कि किसी तरह की अफवाह में न पड़ें.
कैसे पकड़े गए आरोपी
जैसे ही पुलिस को मवेशियों के कटे सिर मिले, पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी को टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए. टीम ने तत्काल सायबर सेल की मदद से इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान कुछ संदिग्ध लोग नजर आए. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 11 लोगों को डिटेन किया. पूछताछ के बाद पुलिस ने उन सभी को गिरफ्तार कर लिया. चिखली पुलिस की मानें तो आरोपियों में एक परिवार शामिल है, जो मवेशियों का मांस चोरी छुपे बेचा करता है. उस परिवार ने स्वीकर किया है कि उसने 2 मवेशियों के कटे सिर अलग-अलग जगहों पर फेंके हैं.
आरोपियों से बरामद हुए धारदार हथियार
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2 सुत्ता, 1 संटी चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी जब्त की है. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 325, 238 और 3(5), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत कार्रवाई की है.

