गरियाबंद :- जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। छुरा क्षेत्र के भैरव नवापारा नाला पार करते समय साइकिल सवार दो युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर गड्ढे में गिर गए। हादसे में एक युवक किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक तेज बहाव में बहने के बाद से लापता है।
घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम द्वारा पानी में बहकर लापता हुए लोगों की तलाश के लिए करीब 14 किलोमीटर के क्षेत्र में 6 से 8 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

