सागर :- मध्य प्रदेश के सागर में बीती रात 6 लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. सागर के बंडा में हुई छह मौतों की वजह जहरीली शराब मानी जा रही है. यह घटना बंडा के बराज गांव की है, जहां शनिवार-रविवार की बीती रात यह घटना घटी. जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. गांव में जहरीली शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से 6 लोगों की मौत की पुष्टि बंडा एसडीओपी ने की है. बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले कई दिनों से तरह-तरह के ब्रांड की अवैध शराब बेची जा रही थी, जिसकी समय-समय पर आबकारी विभाग को शिकायत भी की गई थी.
गांव वालों ने की शराब पीने की पुष्टि : एसडीओपी बंडा
बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि ने ईटीवी भारत को बताया, ” सुबह तड़के सूचना मिली थी कि शाहगढ़ तहसील के बराज गांव में शराब पीने से लोगों की मौत हो गई है. घटना की जानकारी जुटाने पर पता चला कि इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है. अभी हम मौके पर पहुंचे हैं और घटना की जांच कर रहे हैं. मृतकों के पोस्टमॉर्टम की व्यवस्था कराई जा रही है. फिलहाल गांव के लोगों ने इन लोगों के शराब पीने की पुष्टि की है. यह शराब कैसी थी, इन लोगों तक कैसे पहुंची इसकी जांच की जा रही है. एसपी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं.
अवैध शराब को लेकर बंडा बदनाम
इस मामले में एसपी अनुराग सुजानिया से भी बात करने की कोशिश की, तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ है. बंडा और आसपास के इलाके में अवैध शराब की बिक्री को लेकर हमेशा विवाद और तनाव के हालात रहे हैं. कुछ महीने पहले बंडा से लगे शाहपुर में शराब कंपनी के कर्मचारियों ने दो युवकों को इतना पीटा था कि उसकी मौत हो गई थी. वहीं, हाल ही में एक ठेकेदार ने नकली शराब बिकने की आबकारी विभाग में शिकायत की थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की.

