जशपुर:- जशपुर जिले में एक माह के मासूम बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। इस कार्रवाई के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।
झाड़-फूंक का झांसा देकर ले गई महिला
जानकारी के मुताबिक, पहाड़ी कोरवा परिवार अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान एक महिला ने बच्चे के बेहतर इलाज और झाड़-फूंक कराने का भरोसा दिलाया। महिला परिवार को अपने साथ बस स्टैंड तक ले गई। वहां भोजन करने के दौरान उसने मौके का फायदा उठाया और एक माह के मासूम को लेकर फरार हो गई।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों में खोजबीन और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी।
बगीचा क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर बगीचा थाना क्षेत्र से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।

