रायपुर:- पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। PIMS अस्पताल की नर्सरी में आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई।अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक हादसे के वक्त नर्सरी में 16 नवजात मौजूद थे। इनमें सिर्फ एक बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका।
रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार नर्सरी के AC के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग लगी और तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई। दमकल और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और आग पर काबू पाया।हालांकि, आग की सटीक वजह अभी साफ नहीं है। जिला प्रशासन ने जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में कमेटी बनाने का फैसला किया है।
AC में कंप्रेसर ओवरहीट होना, रेफ्रिजरेंट लीकेज, खराब वायरिंग या शॉर्ट सर्किट जैसी तकनीकी गड़बड़ियां आग का कारण बन सकती हैं। लेकिन इस हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।PIMS इस्लामाबाद का सबसे बड़ा अस्पताल है और यहां करीब 1,300 बेड की सुविधा है। हादसे के बाद अस्पताल की फायर सेफ्टी और नवजातों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

