बेमेतरा:- शहर के ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद तुरंत बच्चों को इलाज के लिए बेमेतरा के आयुष्मान अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है.वही सभी बच्चे सुरक्षित है, 2 बच्चों को चोट आई है, जिनका इलाज जारी है.
सिंघपुर – झाल मार्ग में पलटी बस
बेमेतरा के आयुष्मान अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने बताया कि घटना सुबह करीब 7:15 बजे की है, जब बच्चों को स्कूल जाने के लिए बस में छोड़ा गया था. इसी दौरान किसी ने जानकारी दी कि सिंघपुर और झाल के बीच बस खेत में पलट गई है, जिसके बाद परिजन दौड़े दौड़े मौके पर पहुंचे. परिजनों ने बताया कि बस में लगभग 15 से 17 बच्चे सवार थे, जो सिंघपुर, चमारी और खंडसरा से स्कूल जा रहे थे.
परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष
घटना के बाद स्थानीय लोगों और बच्चों के परिजनों में रोष देखा जा रहा है. उनका आरोप है कि खराब और जर्जर सड़कों के बावजूद वाहनों को तेज गति से चलाना इस तरह के हादसों को बुलावा दे रहा है.राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी भी बड़े नुकसान या गंभीर चोट की खबर नहीं है. अस्पताल में भर्ती कराए गए बच्चों की स्थिति अभी सामान्य बनी हुई है, हालांकि कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई हैं जिनका आयुष्मान अस्पताल में उपचार किया जा रहा है.
