बिलासपुर :- बिलासपुर के बाल सुधार गृह में तैनात सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई है. मृतक का नाम नरेंद्र कुमार खांडे था.जो बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के तौर पर पदस्थ था. रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना में मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर गमछे से बांध दिए गए थे, उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी गई. परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अंदेशा लगाया जा रहा है कि वारदात को बाल संप्रेक्षण गृह में बंद चार नाबालिग बंदियों ने अंजाम दिया होगा. सभी गंभीर अपराधों के मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध थे. घटना के बाद चारों मौके से फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी पुलिस की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं.

