खैरागढ़ :- ग्राम बघमर्रा में आज सुबह करंट की चपेट में आने से 26 वर्षीय लीलाधर वर्मा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार लीलाधर सुबह करीब 11 बजे नहाने के बाद आंगन में लगे लोहे के तार पर गीले कपड़े सुखा रहा था। तार में विद्युत प्रवाह होने के कारण वह करंट से चिपक गया।
काफी देर तक जवाब नहीं मिलने पर पत्नी ने उसे छुड़ाने की कोशिश की तो उसे भी करंट का झटका लगा। इसके बाद पिता संतुराम ने मेन स्विच बंद किया। गंभीर हालत में लीलाधर को सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना से गांव में मातम पसरा है।

