एमसीबी :- जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जनकपुर का रमदहा जलप्रपात में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। नहाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखलाल सिंह पिता पुरान सिंह, निवासी ग्राम पतावाही के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार युवक अपने तीन बहनों के साथ बाइक से जनकपुर रमदहा जलप्रपात घूमने पहुंचा था। घटना दोपहर करीब 2 बजे से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया गया कि युवक जलप्रपात में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया। रमदहा जलप्रपात के चौकीदार ने बताया कि उसने युवक और उसके साथ मौजूद लोगों को कई बार पानी में जाने से मना किया था, लेकिन वे नहीं माने और नहाते रहे। चौकीदार के अनुसार वह कोसम के पेड़ के पास बैठा था, तभी युवक डूब गया। काफी प्रयास के बाद करीब 20 मिनट में उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद गेट पर सूचना देकर वाहन बुलाया गया।

