दुर्ग :- दुर्ग जिले के पुरैना इलाके में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 18 वर्षीय युवक शक्ति बिश्नोई की मौत हो गई.वह अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेलने गया था. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिर गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
हल्की बारिश के दौरान गिरी बिजली
प्रत्यक्षदर्शी पार्थ महानंद ने बताया कि मैदान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे.हल्की बारिश शुरू होने पर सभी घर लौटने लगे.तभी अचानक तेज कड़क के साथ आकाशीय बिजली गिरी और शक्ति उसकी चपेट में आ गया.बिजली गिरते ही वह मैदान में बेहोश होकर गिर पड़ा.दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
दोस्तों के मुताबिक, सबसे पहले शक्ति को सनसाइन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे बीएम शाह हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शक्ति बिश्नोई पुरैना का रहने वाला था, 12वीं कक्षा का छात्र था. वह अपने पिता संतोष बिश्नोई का इकलौता बेटा था. बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है.

