रायपुर :- राजधानी रायपुर के खमतराई क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। कॉलोनी के खुले मैदान में युवक का सिर कुचला लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आज सुबह स्थानीय लोगों ने मैदान में खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात खमतराई थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यहां के डब्लू आर एस कालोनी के मैदान में आज सुबह एक युवक की खून से सनी लाश स्थानीय लोगों ने देखी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगो द्वारा तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। जिसके बाद पुलिस और फारेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर ‘आर.के. सारथी‘ नाम का टैटू मिला है। इसी सुराग के आधार पर उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
जांच में जुटी क्राइम ब्रांच और एफएसएल
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक की टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के समय वहां मौजूद संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी व्यक्तिगत कारण को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

