बालोद:- जिले के चर्चित युवा लोक कलाकार 30 वर्षीय राजू उर्फ प्रेम साहू की शुक्रवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। अचानक सीने में तेज दर्द उठने के बाद वे बेहोश होकर गिर पड़े। दूसरी ओर बेटे की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर अस्पताल जा रहे उनके माता-पिता भी सड़क हादसे का शिकार हो गए। एक ही परिवार पर कुछ घंटों के भीतर आई दोहरी विपत्ति ने सभी को झकझोर दिया।
प्रेम साहू मूल रूप से सिकोसा क्षेत्र के ग्राम कोड़ेवा के निवासी थे। उनका परिवार लंबे समय से बालोद शहर के बूढ़ापारा स्थित सीतानगर वार्ड में रह रहा था। स्वजनों के अनुसार शुक्रवार को वे निजी कार्य से कांकेर क्षेत्र गए थे। दोपहर करीब दो बजे गुरुर पहुंचने पर उनके सीने में तेज दर्द उठा। बस स्टैंड के पास एक होटल के समीप वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।प्रेम साहू रंग मया परिवार लोक संस्कृति रिकार्ड डांस के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
बाइक फिसलने से मां का पैर टूटा, पिता के हाथ में चोट
बेटे की हालत बिगड़ने की सूचना मिलने पर पिता रूपराम साहू और माता चंद्रकला साहू बाइक से गुरुर के लिए रवाना हुए। करहीभदर और मुजगहन के बीच उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में चंद्रकला साहू का पैर टूट गया, जबकि रूपराम साहू के हाथ में गंभीर चोट आई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रेम साहू का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह 11 बजे सीतानगर स्थित निवास लाया गया। घायल माता-पिता को भी एंबुलेंस से अंतिम दर्शन के लिए घर पहुंचाया गया। दोनों स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। जवान बेटे को अंतिम बार देखते ही उनका दर्द छलक पड़ा और वे फूट-फूटकर रोने लगे। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
विशेषज्ञों के अनुसार इन दिनों युवाओं में हार्ट अटैक के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, रोजाना व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव नियंत्रण जरूरी है। धूम्रपान, तंबाकू, अत्यधिक शराब और जंक फूड से दूरी बनाए रखें। सीने में दर्द, सांस फूलना या अन्य असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

