CG: हाइटेंशन वायर की चपेट में आया मजदूर, भानुप्रतापपुर में भवन निर्माण के दौरान हुआ हादसा
कांकेर:- सावधानी हटी और दुर्घटना घटी, मुहावरा उस वक्त हकीकत में बदल गया जब एक मजदूर हाइटेंशन वायर की चपेट में आकर झुलस गया. घायल मजदूर भानूप्रतापपुर में भवन निर्माण कार्य में लगा था. काम के दौरान वो बिजली की तार से टच हो गया. 108 एंबुलेंस की मदद से मजदूर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मजदूर का इलाज भानुप्रतापपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाद में जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है.
हाइटेंशन वायर की चपेट में आया मजदूर
घटना के वक्त मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि घायल मजदूर का नाम मोहित राम है. मोहित राम डोंडी विकासखंड के जुरहाटोला में रहता है. घटना के वक्त वो भवन निर्माण कार्य में लगा था. तभी गलती से वो हाइटेंशन वायर की चपेट में आ गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. तत्काल घायल मजदूर को अस्पताल ले जाया गया.
एसडीएम भानुप्रतापपुर का बयान
घटना को लेकर भानुप्रतापपुर एसडीएम अनिकेत अशोक फरहरे ने कहा, ”शंकर नगर में अतिक्रमण कर कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा था. प्रशासन ने फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.”
सुरक्षा इंतजामों पर भी उठे सवाल
निर्माण कार्य के दौरान मजदूर हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में कैसे आया और मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. वहीं, भानुप्रतापपुर पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो दोषी पाया जाएगा उसपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

