जशपुर:- जिले में प्रेम प्रसंग का एक खौफनाक अंत सामने आया है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामजुनवानी में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। घटना के बाद गांव सहित पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 34 वर्षीय सुशील खलखो निवासी जामजुनवानी खारपारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुशील का गांव की एक विवाहित महिला के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। महिला का पति इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक महिला कई बार अपने पति का घर छोड़कर मृतक के साथ रहने लगी थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।
जानकारी के अनुसार इस मामले को लेकर पहले भी गांव में सामाजिक बैठक आयोजित की गई थी। पंचायत स्तर पर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ। इसी बीच मृतक के खिलाफ महिला द्वारा पूर्व में दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया गया था, जिसके चलते वह जेल गया था। हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद मामला फिर से तनावपूर्ण हो गया था।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात गांव में एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे मृतक सुशील खलखो अपने घर के आंगन में मौजूद था। आरोप है कि तभी महिला का पति जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग वहां पहुंचे और सुशील पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

