कांकेर:- कांकेर में एक साल पुराने मौत के मामले ने ऐसा मोड़ लिया कि हर कोई हैरान रह गया। जिसे हादसा या खुदकुशी माना जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पत्नी ने अपने प्रेमी और दो साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
मृतक मुकेश विश्वास को पहले बहाने से खेत की झोपड़ी में बुलाया गया। वहां उसे जमकर शराब पिलाई गई। जब वह पूरी तरह बेसुध हो गया, तब आरोपियों ने बिजली के तार से करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मामले को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की गई।
पुलिस की दोबारा जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। साइबर जांच में मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास और उसके प्रेमी इन्द्रजीत दास के बीच लगातार संपर्क मिलने के बाद शक गहरा गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
जांच में पता चला कि पत्नी और प्रेमी के बीच लंबे समय से संबंध थे। मुकेश को इसकी जानकारी हो गई थी और वह तलाक लेने की तैयारी कर रहा था। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल बिजली तार, मोबाइल और अन्य अहम सबूत भी बरामद किए गए हैं। एक साल तक उलझे इस ब्लाइंड मर्डर केस का आखिरकार खुलासा हो गया।

