दुर्ग:- उतई थाना क्षेत्र के उमरपोटी में करीब डेढ़ साल पहले हुई शादी के बाद एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। घटना 14 अगस्त की रात की बताई जा रही है। घटना की रात किसी अन्य महिला के घर पहुंचने को लेकर मृतका का अपने पति के साथ विवाद हुआ था। खुदकशी के पहले मृतका ने अपने पति को करीब 17 बार फोन लगाया लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका रवीना यादव(23) मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली थी। करीब डेढ़ साल पहले उसका विवाह विपुल यादव(27) के साथ हुआ था। विपुल उमरपोटी में अपने चाचा के पास रहकर प्लबिंग का काम करता था।पति ने कमरे में बंद किया।प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना दिनांक की रात रवीना और उसका पति घर में मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला उनके घर पहुंच गई जिसे लेकर पति पत्नी के बीच विवाद हुआ। सूत्रों के मुताबिक विवाद के बाद विपुल ने रवीना को कमरे में बंद कर दिया और जो युवती घर पहुंची थी उसके साथ कहीं चला गया।
दो घंटे में 17 बार फोन
रात करीब 12 से दो बजे के बीच रवीना ने पति को करीब 17 बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसकी वजह से रवीना तनाव में थी। रवीना ने अपने घर के कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर खुदकशी कर ली। घटना स्थल से पुलिस को किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। नवविवाहिता होने के कारण पंचनामा की कार्रवाई महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराई गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे आगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

